रायगढ़, 1 मई 2026। जिला पुलिस रायगढ़ से सेवानिवृत्त हुए प्रधान आरक्षक देवसाय तिर्की को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विभागीय परंपरा के अनुसार सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद 30 अप्रैल को उन्होंने प्रधान आरक्षक पद से सेवानिवृत्ति प्राप्त की। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा परिवारजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही और सभी ने उनके लंबे सेवाकाल को याद करते हुए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि देवसाय तिर्की मूलतः सीतापुर, सरगुजा के निवासी हैं और वर्ष 1998 में जबलपुर, मध्यप्रदेश से आरक्षक पद पर पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। सेवाकाल के दौरान पदोन्नति पाकर प्रधान आरक्षक बने और रक्षित केंद्र, थाना चक्रधरनगर, धरमजयगढ़, घरघोड़ा, भूपदेवपुर तथा पुलिस चौकी जोबी सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर अपनी जिम्मेदार सेवाएं दीं। उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहार की सराहना अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने देवसाय तिर्की के समर्पित सेवाकाल के लिए विभाग की ओर से आभार जताते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है और अनुभवी अधिकारी विभाग के लिए हमेशा मार्गदर्शक बने रहते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका सम्मान किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
