रायपुर में महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को समर्पित विधानसभा के विशेष सत्र में एक तिहाई आरक्षण के संकल्प को व्यापक समर्थन मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मातृशक्ति केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि सृजन, संस्कार और सामर्थ्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी मजबूत करना देश के विकास की अगली बड़ी दिशा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत नींव रखी गई है, अब उन्हें राजनीतिक अधिकारों से पूर्ण रूप से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का विशेष सत्र आयोजित करने के लिए आभार जताते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया।
विशेष सत्र में समाज के विभिन्न वर्गों से आई महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ विधायकों ने भाग लेकर अपने विचार रखे और आरक्षण के समर्थन में मजबूत स्वर बुलंद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान और अधिकारों के मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा उचित नहीं है, क्योंकि यह मुद्दा राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य और समग्र विकास से जुड़ा है।
