रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घटना 19 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:20 बजे ग्राम बोजिया धुमापहरी मेन रोड पर हुई। मृतक कमल सिंह निषाद अपनी मोटरसाइकिल (एचएफ डिलक्स CG 13 AM 2567) से शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकला था, इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे में गिरकर हादसे का शिकार हो गया।
हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा पाया। मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस ने मर्ग जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क की खराब स्थिति और गड्ढा बताया गया है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया और युवक की जान चली गई।
