ऑपरेशन प्रहार: 4 ट्रकों से 82.13 लाख का अवैध कबाड़ जब्त, 4 चालक गिरफ्तार
रायगढ़, 18 अप्रैल। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छाल थाना क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान 4 ट्रकों को पकड़कर 81.02 टन लोहे का पाइप, एंगल और स्क्रैप जब्त किया है। जब्त कबाड़ की कीमत लगभग 34.13 लाख रुपये और वाहनों की कीमत करीब 48 लाख रुपये आंकी गई है, इस तरह कुल 82.13 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाटी से छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर अवैध कबाड़ ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना छाल पुलिस ने बेरियर पर नाकेबंदी कर चारों ट्रकों को रोका। जांच के दौरान सभी वाहनों में भारी मात्रा में कबाड़ लोड मिला, लेकिन किसी भी चालक द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस ने चारों चालकों को गिरफ्तार कर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ के कारोबार, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
