ट्रांसपोर्ट नगर चौक में चोरी की दो बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार, जूटमिल पुलिस की घेराबंदी में पकड़ा गया
रायगढ़ में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत जूटमिल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ट्रांसपोर्ट नगर चौक के पास आरोपी बाइक बेचने की फिराक में था, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलदेव दास महंत उर्फ नानु (24 वर्ष), निवासी केवाली थाना जोबी जिला रायगढ़ बताया और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने दोनों मोटरसाइकिल चोरी की होना स्वीकार किया। आरोपी ने खुलासा किया कि 3 अप्रैल 2026 को पुराना बस स्टैंड मटन मार्केट से पल्सर (CG 13 AN 1235) और 5 अप्रैल 2026 को कोडातराई भागवत पंडाल के पास से हीरो पैशन प्रो (CG 13 W 9291) चोरी की थी, जिसमें से एक मामले में पहले से अपराध दर्ज था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की दोनों मोटरसाइकिल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही, वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि चोरी और लूट जैसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
