न्यूज

थाने के अंदर ‘रिश्वत का खेल’ कैमरे में कैद! कॉन्स्टेबल पैसे लेते पकड़ा गया, एएसआई की हरकत से मचा बवाल, दोनों सस्पेंड

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना परिसर के भीतर कथित तौर पर रिश्वत लेने और अशोभनीय आचरण से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में एक वर्दीधारी आरक्षक को 100-100 रुपये के नोट लेते हुए जेब में रखते देखा जा रहा है, जबकि सामने बैठे एएसआई को मोबाइल पर एक महिला की तस्वीर को जूम कर देखते हुए दिखाया जा रहा है। हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद आमजन में नाराजगी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डोंगरगढ़ थाने में पदस्थ एएसआई रोहित खूंटे और आरक्षक लक्ष्मी शंकर कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जानकारी के अनुसार, एएसआई पर ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी में न रहने और अशोभनीय आचरण कर पुलिस की छवि खराब करने का आरोप है, जबकि आरक्षक पर थाना परिसर में रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया गया है। वायरल वीडियो में कोर्ट चालान, जमानत और समझौते से जुड़ी बातचीत के संकेत भी बताए जा रहे हैं।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र राजनांदगांव में लाइन अटैच कर दिया गया है और उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी मामले की निगरानी कर रहे हैं और विभाग ने साफ संदेश दिया है कि अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button