महिला से दुष्कर्म मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार, तलाश जारी
रायगढ़, 06 अप्रैल। कोतरारोड थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है। घटना 4 अप्रैल की देर रात की है, जब 37 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ मेन रोड स्थित दुकान पर गई थी। इसी दौरान ऑटो में पहुंचे आरोपियों ने महिला को जबरन दुकान के अंदर ले जाने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों मुन्ना गिरी, योगेश सिदार और जागेश्वर पटेल ने महिला के साथ दुष्कर्म किया, जबकि दीपक सिदार और पिंटू निषाद ने पति को पकड़कर मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतरारोड में अपराध क्रमांक 106/2026 के तहत धारा 70(1), 115 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना गिरी (27 वर्ष), देव कुमार उर्फ दीपक सिदार (23 वर्ष), जागेश्वर पटेल (32 वर्ष) और पिंटू निषाद (23 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG 12 AY 5870 भी जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी योगेश सिदार की तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
