एनएच पर स्कॉर्पियो की टक्कर से 3 महिलाओं की मौत, आक्रोशित भीड़ ने ड्राइवर की पिटाई
अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे क्रमांक 130 पर ग्राम भिट्ठीकला के पास रविवार शाम करीब 6:45 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 15 EH 8874) ने पैदल जा रही 3 महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थिति बिगड़ने पर स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
मृत महिलाओं की पहचान ग्राम जोगीबांध निवासी मुन्नी बाई (50 वर्ष), श्यामपति (55 वर्ष) और रामबाई (50 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है, जबकि चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
