न्यूज

जादू-टोना के शक में 71 वर्षीय महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गितारी पानी में जादू-टोना के शक में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला फूलमइत बाई की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना 3 अप्रैल की रात करीब 9 बजे की है, जबकि 4 अप्रैल की सुबह परिजनों को इसकी जानकारी मिली। मृतिका अकेली अपने प्रधानमंत्री आवास में रहती थी और लकवाग्रस्त होने के कारण चल-फिर नहीं पाती थी। परिजन रोजाना उसका खाना-पीना और देखरेख करते थे।

प्रार्थी सुखेश्वर राम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले तथा पास में लकड़ी का डंडा बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गंभीर चोटों के चलते हत्या होना पाया गया।

जांच के दौरान आरोपी छदनु राम (30 वर्ष) निवासी गितारी पानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसके परिवार के सदस्य बार-बार बीमार रहते थे, जिसके चलते उसे महिला पर जादू-टोना करने का शक था। इसी शक में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त कर लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button