तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार तीन युवतियां घायल
रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार तीन युवतियां घायल हो गईं। घटना 27 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे की है, जब स्कूटी पर सवार दुर्गा चौहान, सविता चौहान और कुमकुम महंत तालाब से लौट रही थीं, तभी सामने से आ रही कार क्रमांक CG 13 AP 3412 ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें मौके पर पहुंचे एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया। घायल दुर्गा चौहान के सिर और पैर में चोट आई है, जबकि सविता चौहान और कुमकुम महंत को भी सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। दुर्घटना में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पीड़िता की मां सरिता चौहान की शिकायत पर चक्रधरनगर थाना में आरोपी कार चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 184 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) और 281 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
