अंबिकापुर में महिला की नृशंस हत्या, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
अंबिकापुर के सद्भावना चौक के पास एक झोपड़ीनुमा मछली दुकान में लगभग 40 वर्षीय अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और चेहरा पत्थर से कुचला हुआ था। प्रारंभिक जांच में घटना को दुष्कर्म के बाद की गई नृशंस हत्या या सामूहिक दुष्कर्म से जोड़कर देखा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लग गए।
जांच के दौरान आसपास के CCTV फुटेज खंगालने पर महिला रात करीब 11 बजे एक युवक के साथ नजर आई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने साथ में खाना खाया था, जिसके बाद आरोपी महिला को सुनसान दुकान तक ले गया। पुलिस के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कर दी हैं और संदिग्ध युवक की तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की शिनाख्त और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
