जल संरक्षण और वृक्षारोपण को दें रफ्तार, सरायपाली समीक्षा बैठक में राज्यपाल रमेन डेका के निर्देश
रायपुर, 03 अप्रैल 2026। राज्यपाल रमेन डेका ने जल संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए किसानों को डबरी खनन के लिए अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए और इन कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। सरायपाली प्रवास के दौरान रेस्ट हाउस में आयोजित विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया गया कि क्षेत्र में 218 डबरी स्वीकृत की गई हैं, जिनमें बड़ी संख्या में निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। राज्यपाल ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में राज्यपाल ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कैंपा और मनरेगा मद से व्यापक स्तर पर पौधरोपण करते हुए शासकीय परिसरों, रेस्ट हाउस और ग्रामीण क्षेत्रों में फलदार व छायादार पौधे लगाने के निर्देश दिए। विभागीय जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लगभग 1.50 लाख पौधरोपण किया जा चुका है तथा अमृत सरोवरों के आसपास हरित विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने जैविक और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने, रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम करने और धान के साथ उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने की बात कही।
राज्यपाल ने स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने टीबी मरीजों की निगरानी, जनसहभागिता से उन्हें गोद लेने, कैंसर व मोतियाबिंद उपचार के लिए जागरूकता अभियान चलाने और बेहतर इलाज के लिए एम्स से समन्वय करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही योग को जन-जन तक पहुंचाने, पुस्तकालयों की स्थापना बढ़ाने और महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका से जोड़कर “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में काम करने पर बल दिया। बैठक में जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
