बोलेरो विवाद में युवक पर हमला: रात में बुलाकर डंडों से पीटा, आंख के पास आई गंभीर चोट
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में वाहन लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम बनई निवासी धरम राठिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शशि अगरिया के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। घटना 31 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे गौटिया पीपल पेड़ के पास की बताई गई है।
पीड़ित के अनुसार, उसने अपना बोलेरो वाहन CG 10 AX 5293 एक निजी कंपनी में लगवाया था, जहां भुगतान को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी ने उसे फोन कर बुलाया और मौके पर पहुंचते ही गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला कर दिया। हमले में उसके पैर, हाथ, पीठ और आंख के पास चोट आई, जिससे खून निकलने लगा।
घायल किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा ले जाया गया। इलाज के बाद 1 अप्रैल को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
