ऑनलाइन सट्टा खिलाते आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और 12,700 रुपए जब्त
रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कान्हा मोबाइल दुकान के पास एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए व्हाट्सएप पर सट्टा संचालित कर रहा है, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
रेड के दौरान आरोपी मनोज सोनी (50 वर्ष) निवासी टीआईटी कॉलोनी खरसिया को मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाते रंगे हाथ पकड़ा गया। जांच में मोबाइल के व्हाट्सएप ग्रुप में सट्टा पट्टी और पैसों के लेन-देन के सबूत मिले। आरोपी के कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल और नगदी 12,700 रुपए बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
