न्यूज

बर्खास्त पुलिसकर्मी ने पत्नी और सौतेली बेटी की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 03 अप्रैल 2026। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया गांव में 1 अप्रैल को हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी गुलाब राम साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी हेमलता साहू (35) और सौतेली बेटी चित्रा साहू (22) पर कुल्हाड़ी और कांसे के लोटे से हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे घर में लगातार विवाद होता था। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर झगड़ा बढ़ गया। बताया जा रहा है कि पहले बेटी से विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उस पर हमला किया और बीच-बचाव करने आई पत्नी को भी गुस्से में मार डाला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के सोनसरी गांव का निवासी है और वर्तमान में सेमरिया में रह रहा था। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button