मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से बदली तस्वीर, गाँव-गाँव तक पहुँची सुविधा
रायपुर, 02 अप्रैल 2026। जिन गाँवों में कभी बस की पहुँच नहीं थी, वहाँ अब बस के आते ही बच्चों के चेहरे खिल उठते हैं और लोग उत्साह से उसका स्वागत करते हैं। शहर, नगर और विकासखंड मुख्यालय तक पहुँचना अब आसान हो गया है। पहले जहाँ ग्रामीणों को पैदल या निजी साधनों का सहारा लेना पड़ता था, वहीं अब वे समय पर स्कूल, दफ्तर और अन्य कार्यों के लिए पहुँच पा रहे हैं, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत यह परिवर्तन संभव हुआ है। जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता निकुंज बताती हैं कि पहले उन्हें केंद्र तक पहुँचने के लिए लिफ्ट या पैदल चलना पड़ता था, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यह बेहद कठिन था। अब बस सेवा शुरू होने से उनकी यह परेशानी दूर हो गई है और दैनिक आवागमन काफी आसान हो गया है।
वहीं ग्राम मरंगी के दशरथ भगत और यात्री मंगलराम जैसे ग्रामीणों का कहना है कि पहले बाजार जाने के लिए लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब बस सेवा से समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है। यह योजना न केवल यात्रा को सुगम बना रही है, बल्कि ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं से जोड़ते हुए विकसित भारत की कल्पना को जमीन पर साकार कर रही है।
