ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ-सट्टा में 5 आरोपी गिरफ्तार, 19,118 रुपये व 4 मोबाइल जब्त
रायगढ़, 01 अप्रैल 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ और सट्टा के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चौकी खरसिया, थाना कोतवाली और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी और कुल 19,118 रुपये नगद जब्त कर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
खरसिया चौकी पुलिस ने शंकराचार्य स्कूल के पास पोस्ट ऑफिस रोड स्थित एक मोबाइल दुकान के पास रेड कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज सोनी (50) को मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते रंगे हाथों पकड़ा। जांच में मोबाइल में सट्टा अंकों और लेन-देन का विवरण मिला, जिसके बाद आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल और 12,700 रुपये नगद जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं कोतवाली और साइबर टीम ने बीड़पारा और बापूनगर क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में हलिमा खातून, मुकेश सोना, रजिया बेगम और नरेन्द्र दीप को सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से सट्टा पर्चियां, 3 मोबाइल और नगदी रकम जब्त की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धाराओं 3, 4 और 6 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा आमजन से अपील की है कि ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अवैध नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
