बड़ी खबर : पति व पत्नी की गला रेतकर हत्या, पेड़ के सहारे घर में घुसे आरोपी, मुखौटा-नकली बाल और खून सने पैर के निशान मिले, जांच में जुटी पुलिस
जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में देर रात अज्ञात आरोपियों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती संतराम साहू (62) और श्याम बाई साहू (62) की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से करीब 70-80 हजार रुपए के जेवरात लेकर फरार हो गए, जिसमें महिला के गले का सोने का हार भी गायब मिला है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस लूट की नीयत से हत्या की आशंका जता रही है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब उनका बेटा हरिशंकर साहू सुबह खेत जाने से पहले घर पहुंचा और दरवाजा खुला देख अंदर गया, जहां पिता का शव जमीन पर और मां का शव खाट पर खून से लथपथ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल और घर से सड़क तक खून से सने पैरों के निशान मिले हैं, जिससे एक से अधिक आरोपियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को मौके से होली का मुखौटा और नकली बाल भी बरामद हुए हैं, जिससे आरोपियों द्वारा पहचान छिपाने की कोशिश की आशंका है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी घर के पास लगे पेड़ के सहारे अंदर घुसे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया है, वहीं एसपी विजय कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
