बड़ी खबर : चलती ट्रेन से नाबालिग को धक्का देकर हत्या, बॉयफ्रेंड समेत 3 हिरासत में, ट्रैक पर मिली लाश
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 14 साल की नाबालिग लड़की की चलती ट्रेन से धक्का देकर हत्या कर दी गई। मृतका खैरागढ़ की रहने वाली थी और 28 मार्च को अपने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा के साथ घर से बिना बताए निकल गई थी। दोनों डोंगरगढ़ से वेनगंगा एक्सप्रेस में सवार होकर कोरबा जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने उसे ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया।
29 मार्च को मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम किसान-परसदा के पास रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवती का शव मिला था, जिसकी पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया और फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किए। बाद में खैरागढ़ से लापता नाबालिग की सूचना मिलने पर परिजनों से संपर्क किया गया, जिन्होंने शव की पहचान की। 30 मार्च को अंतिम संस्कार किया गया।
जांच में सामने आया है कि नाबालिग के साथ आरोपी मोहन वर्मा और उसके दो अन्य साथी भी थे। चारों पहले खैरागढ़ से डोंगरगढ़ पहुंचे और वहां से ट्रेन में सवार हुए थे। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, और उनसे पूछताछ जारी है। मामले की जांच खैरागढ़ पुलिस को सौंप दी गई है और पूरे घटनाक्रम का खुलासा जल्द किए जाने की बात कही गई है।
