न्यूज

रायगढ़ कोतवाली क्षेत्र में सट्टा-जुआ पर बड़ी कार्रवाई—तीन अलग-अलग मामलों में FIR दर्ज, तीन गिरफ्तार

रायगढ़ के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने सट्टा-जुआ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए FIR क्रमांक 0175/26 में बीडपारा निवासी रजिया बेगम (55 वर्ष) को उसके घर के परछी में सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। 31 मार्च 2026 की रात लगभग 20:30 बजे टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी महिला सट्टा पर्ची लिखते हुए पाई गई। पुलिस को देखकर वहां मौजूद अन्य लोग भाग निकले। मौके पर गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 3100 रुपये नकद, हाथ से लिखी सट्टा पर्चियां (7 पन्ने), एक कॉपी और एक काला डॉट पेन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह कमीशन के आधार पर सट्टा लिखती थी और प्रतिदिन का हिसाब ऐजाज खान को देती थी, जबकि इस पूरे अवैध कारोबार का संचालन सानू उर्फ शहनवाज खान के निर्देश पर किया जा रहा था। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रात 21:40 बजे गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

इसी कड़ी में दूसरे मामले FIR क्रमांक 0176/26 में पुलिस ने मुकेश सोना (35 वर्ष) के खिलाफ सट्टा-जुआ संचालन का मामला दर्ज किया है। पुलिस को इस मामले में भी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी अवैध रूप से सट्टा-पट्टी लिखकर जुआ गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं, और उसके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है ताकि पूरे अवैध सट्टा कारोबार का खुलासा किया जा सके।

तीसरे मामले FIR क्रमांक 0177/26 में डी.के. हलिमा खातून (60 वर्ष) के खिलाफ भी सट्टा-पट्टी लिखकर जुआ खिलाने के आरोप में कार्रवाई की गई है। इस प्रकरण में भी पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच करते हुए आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से विवेचना की जा रही है। तीनों मामलों में की गई इस लगातार कार्रवाई से स्पष्ट है कि रायगढ़ पुलिस अवैध सट्टा-जुआ के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button