पूंजीपथरा-चक्रधरनगर में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब पर कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार, 57 लीटर महुआ शराब जब्त
रायगढ़, 31 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के खिलाफ जिले में लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा और थाना चक्रधरनगर पुलिस ने अलग-अलग तीन कार्रवाइयों में कुल 57 लीटर महुआ शराब जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुडगुड आमापाली के जंगल नाला किनारे पुलिस ने मुखबिर सूचना पर दो अलग-अलग रेड कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में गंगाधर यादव (35 वर्ष) को 20 लीटर महुआ शराब (करीब 2000 रुपये) के साथ पकड़ा गया, वहीं दूसरी कार्रवाई में मकरध्वज राठिया (38 वर्ष) को 30 लीटर महुआ शराब (करीब 3000 रुपये) के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34-2, 59-क के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इसी तरह चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के साहेब राम कॉलोनी में कुल्लु बाघ (36 वर्ष) को घर के बाहर अवैध शराब बेचते हुए 7 लीटर महुआ शराब (करीब 2100 रुपये) के साथ पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
