गांधीनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के पैसों के हेरफेर का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार, 48,500 रुपये के ट्रांजेक्शन का खुलासा
सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी से अर्जित रकम के हेरफेर के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में की गई कार्रवाई में सामने आया कि आरोपी बैंक खातों की खरीद-बिक्री कर ठगी की रकम का लेन-देन करते थे। मामले में 48,500 रुपये के ट्रांजेक्शन की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रार्थी शौर्य प्रताप की शिकायत पर दर्ज मामले में बताया गया कि परिचित ऋत्विक सिंह ने दिसंबर 2024 में धोखे से बैंक खाता और एटीएम लेकर 48,500 रुपये निकाल लिए थे। बाद में खाते के होल्ड होने पर जांच में पता चला कि उक्त राशि साइबर ठगी से जुड़ी थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ऋत्विक सिंह और अमन गुप्ता अन्य लोगों के खातों का उपयोग कर इसी तरह ठगी की रकम का लेन-देन करते थे।
विवेचना के दौरान पुलिस ने ऋत्विक सिंह, अमन गुप्ता और पियुष तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल और लेन-देन से संबंधित डाटा जब्त किया गया है। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
