धरमजयगढ़ के खडगांव में किराना दुकान से अवैध पेट्रोल-डीजल बिक्री का भंडाफोड़, 175 लीटर ज्वलनशील पदार्थ जब्त, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खडगांव में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल के भंडारण और बिक्री का मामला सामने आया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन अग्रवाल (उम्र 40 वर्ष) के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 27 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:45 बजे की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की किराना दुकान की तलाशी ली, जहां से अलग-अलग प्लास्टिक जरीकेनों में भरा करीब 130 लीटर पेट्रोल और 45 लीटर डीजल बरामद किया गया। साथ ही पेट्रोल बिक्री की रकम 650 रुपये भी मौके से जब्त की गई। जब आरोपी से वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे गए तो वह प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जप्त ज्वलनशील पदार्थ की कुल कीमत 18,015 रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा आवासीय क्षेत्र में बिना सुरक्षा उपायों के इस तरह का भंडारण मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा था, जिसकी जांच जारी है।
