न्यूज

पिकअप में ठूंसकर ले जाए जा रहे 4 मवेशी बरामद, बालक समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

सरगुजा जिले के थाना गांधीनगर क्षेत्र में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी अमन प्रेम तिग्गा की शिकायत पर 28 मार्च की रात सरगंवा वाटर पार्क के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन की जांच की गई, जिसमें 4 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ठूंसकर भरा गया था और उन्हें बुचड़खाना ले जाने की बात सामने आई।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 164/26 दर्ज कर कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(डी) के तहत कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने एक विधि से संघर्षरत बालक और मुर्शीद पिता जबर खान (41 वर्ष, निवासी अभयपुर, जिला बरेली, उत्तरप्रदेश) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया।

आरोपियों के कब्जे से महिंद्रा पिकअप वाहन (क्रमांक यूपी 25 जेटी 2549) सहित 4 मवेशी बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मामले में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है और पुलिस टीम द्वारा शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button