न्यूज

तमनार को 152.49 करोड़ का बायपास मार्ग, 8.50 किमी फोरलेन से बदलेगी यातायात व्यवस्था

रायगढ़, 28 मार्च 2026। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेश में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया गया है। तमनार क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित बायपास मार्ग निर्माण को 152.49 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह परियोजना लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही है, जिससे अब विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

तमनार क्षेत्र में कोयला परिवहन के कारण भारी वाहनों का लगातार दबाव बना रहता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और धूल-प्रदूषण की समस्या गंभीर बनी हुई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के समन्वय से इस परियोजना को प्राथमिकता दी गई और स्वीकृति प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराया गया।

27 मार्च 2026 को आयोजित परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक में 8.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन बायपास मार्ग को मंजूरी दी गई। परियोजना में 2 बड़े पुल, 4 छोटे पुल, पुल-पुलिया, रिटेनिंग वॉल और जल निकासी की व्यवस्था शामिल होगी, साथ ही करीब 22.50 हेक्टेयर निजी भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है। बायपास बनने से भारी वाहनों को आबादी क्षेत्र से बाहर डायवर्ट किया जा सकेगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और तमनार सहित आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण से राहत मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button