लैलूंगा में तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां सोनाजोरी नवापारा के पास चिराईखार मेन रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में 18 वर्षीय यशोदा नागवंशी के भाई लालचंद नागवंशी और उनके रिश्तेदार राजेश नागवंशी घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से खेत से वापस लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही बोलेरो के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लालचंद के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि राजेश के सिर और हाथ में चोट लगी। दोनों को तत्काल लैलूंगा अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान लालचंद नागवंशी की मौत हो गई। मामले में लैलूंगा पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 सहित भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(a) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।
