रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कमिश्नर, आईजी और जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कर रहे हैं बड़ी बैठक
रायपुर, 28 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कमिश्नर, आईजी और जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अहम बैठक कर पेट्रोलियम पदार्थों और गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और आम जनता को किसी भी प्रकार की कमी न होने देने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहते हुए आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि परिस्थिति का फायदा उठाकर आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, सचिव डॉ. बसवराजु एस, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, उद्योग सचिव रजत कुमार सहित आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।
