प्रगति नगर जेल पारा में पति की मारपीट से गर्भवती महिला घायल
रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रगति नगर जेल पारा में घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है, जहां 25 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे एक महिला के साथ उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़िता शहनाज खान ने थाने में शिकायत देते हुए बताया कि वह अपने पति शिवम सिंह राजपूत के साथ प्रेम विवाह कर रह रही है और वर्तमान में तीन माह की गर्भवती है।
शिकायत के अनुसार आरोपी पति शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए अश्लील गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे महिला के शरीर और पीठ में दर्द हो रहा है। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपनी मां को फोन पर दी और बाद में परिजनों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामला जांच में लिया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
