रामनवमी पर खरसिया में पुलिस की अनोखी पहल, 200 हेलमेट बांटकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
रायगढ़, 27 मार्च 2026। रामनवमी के अवसर पर खरसिया पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी प्रभात पटेल की पहल पर ग्राम कुनकुनी में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के बीच 200 हेलमेट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी प्रभात पटेल ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना जीवन के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण है। उन्होंने सभी से हेलमेट पहनने की आदत विकसित करने, तेज गति से बचने तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाने की समझाइश दी और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
इस सामाजिक पहल में वेदांता कोल वाशरी का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए पुलिस ने संस्था के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में वेदांता वाशरी के डायरेक्टर ऋषभ अग्रवाल, अमन अग्रवाल सहित सहयोगी सहकर्मी प्रकाश गोयल, आर.आर. साहू एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है और हेलमेट पहनना सभी की आदत बननी चाहिए।
