न्यूज

लैलूंगा व पूंजीपथरा में महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, दुष्कर्म व छेड़खानी के दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 27 मार्च 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा महिला संबंधी संवेदनशील मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना लैलूंगा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म के मामले में अधेड़ आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, वहीं थाना पूंजीपथरा पुलिस ने महिला से छेड़खानी के आरोपी को भी चंद घंटों में गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा है।

लैलूंगा थाना क्षेत्र में 25 मार्च को दर्ज रिपोर्ट में 20 वर्षीय युवती के साथ गांव के नरसिंह खलखो (67 वर्ष) द्वारा दुष्कर्म किए जाने की शिकायत सामने आई थी। आरोपी ने करीब 6-7 माह पहले घर में घुसकर पीड़िता के साथ जबरदस्ती की और जान से मारने की धमकी देकर कई दिनों तक शोषण करता रहा। मामले में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने पीड़िता का बयान एवं मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वहीं पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 36 वर्षीय महिला की शिकायत पर टीकम सिदार उर्फ गुड्डू (38 वर्ष) के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया। आरोपी लंबे समय से अश्लील इशारे और टिप्पणियां कर रहा था तथा 21 मार्च को घर में घुसकर अशोभनीय हरकत की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 50/2026 धारा 75, 75(1)(iv) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button