महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी व लूटपाट मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 9 आरोपी जेल भेजे गए
रायगढ़, 27 मार्च 2026। तमनार थाना क्षेत्र के सीएचपी चौक, लिबरा में धरना-प्रदर्शन के दौरान महिला आरक्षक के साथ मारपीट, बदसलूकी और लूटपाट की गंभीर घटना में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। घटना के दौरान आरोपियों ने ड्यूटीरत महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता करते हुए पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया था।
घटना के संबंध में थाना तमनार में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला कायम कर विवेचना की जा रही है। इससे पहले 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। यह घटना गारे-पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान के विरोध में चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान 27 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब पुलिस-प्रशासन मार्ग बहाल कराने पहुंचा और भीड़ उग्र होकर पुलिस बल पर हमला कर दी, जिसमें कई जवान घायल हुए।
वायरल वीडियो की जांच के दौरान संजय मेहर और माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने वीडियो बनाने और व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल करने की बात स्वीकार की, जिनसे घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
