खरसिया के अंजोरीपाली में किराये के मकान का ताला तोड़कर 1.20 लाख की चोरी
रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंजोरीपाली में किराये के मकान में चोरी की घटना सामने आई है। प्रार्थी अभय पाल चौहान की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 21 मार्च 2026 सुबह 11 बजे से 22 मार्च 2026 सुबह 10 बजे के बीच की बताई गई है।
शिकायत के अनुसार प्रार्थी अपने कमरे को ताला बंद कर बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने मारूति निवास स्थित कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी से नगद 50,000 रुपये सहित सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में चांदी की पायल, बच्चे का कंगन, कमर बंध, बिछिया, सोने की नथनी और लॉकेट सहित अन्य आभूषण शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। कुल चोरी गई संपत्ति का मूल्य 1,20,000 रुपये आंका गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
