दंतेवाड़ा पुनर्वास केंद्र में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं से मुलाकात कर टूल किट वितरित किए, सीआरपीएफ जवानों का भी बढ़ाया उत्साह
कवर्धा, 26 मार्च 2026। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा स्थित पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर पुनर्वासित युवाओं से आत्मीय संवाद किया और उन्हें इलेक्ट्रिकल टूल किट व वेलकम किट वितरित किए। नवरात्रि के अंतिम दिन दंतेवाड़ा पहुंचकर उन्होंने माँ दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से चर्चा कर उनकी जरूरतों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
युवाओं ने प्रशिक्षण के बाद अपने गृह ग्राम लौटकर खेती-किसानी करने की इच्छा जताई, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने उन्हें कृषि संबंधी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुनर्वास नीति का उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़कर सम्मानजनक जीवन देना है। साथ ही उन्होंने अन्य साथियों को भी पुनर्वास के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन व्यवस्था और प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा करते हुए युवाओं को स्वेच्छा से भोजन बनाने की अनुमति भी दी गई तथा सभी युवाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण और लाइसेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि केंद्र में वर्तमान में 107 युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 60 बीजापुर और 47 दंतेवाड़ा जिले के हैं। यहां इलेक्ट्रिकल, वेल्डिंग, प्लंबिंग, सिलाई और ड्राइविंग जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं, जिसमें अब तक 7 युवाओं को ड्राइविंग में रोजगार और 75 युवाओं को सिलाई मशीन दी जा चुकी है। उपमुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ बटालियन कैंप पहुंचकर जवानों का उत्साहवर्धन भी किया और कहा कि सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर क्षेत्र में अब लोग निर्भय होकर आवागमन कर रहे हैं और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
