आमाघाट अफीम मामले में बड़ी सफलता: झारखंड से फरार आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 23 मार्च 2026। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार आरोपी एमानुएल भेंगरा को झारखंड से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पहले ही 60,326 अफीम पौधे (2877 किलोग्राम) और 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
मामले में मुख्य आरोपी मार्शल संगा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में उसने एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध खेती करना स्वीकार किया था। फरार आरोपियों की तलाश में तमनार और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ओडिशा और झारखंड में दबिश दी, जहां पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर एमानुएल भेंगरा को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी अब भी फरार है।
इस कार्रवाई को एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
