छत्तीसगढ़ में 6 दिवसीय फेम ट्रिप सफलतापूर्वक संपन्न, पर्यटन को मिली नई दिशा
रायपुर, 20 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से 13 से 18 मार्च तक आयोजित 6 दिवसीय फेम ट्रिप सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस पहल का उद्देश्य राज्य के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना रहा। आयोजन ने पर्यटन को आर्थिक विकास के प्रमुख साधन के रूप में स्थापित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
इस ट्रिप में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 30 टूर ऑपरेटर और ट्रैवल एजेंट्स ने भाग लिया, जिन्हें उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया गया। उत्तर क्षेत्र में अंबिकापुर, मैनपाट, रामगढ़ और जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता और इको-टूरिज्म संभावनाएं दिखाई गईं, वहीं दक्षिण क्षेत्र में कांगेर घाटी, कोंडागांव, जगदलपुर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा और बारसूर जैसे स्थलों के जरिए बस्तर की जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराया गया।
फेम ट्रिप के दौरान चित्रकोट जलप्रपात मुख्य आकर्षण रहा, जहां प्रतिभागियों ने बोटिंग और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। इसके अलावा बारसूर के बत्तीसा मंदिर, प्राचीन गणेश प्रतिमाएं, स्थानीय हाट-बाजार, मैनपाट और जशपुर के इको-टूरिज्म मॉडल, कुनकुरी का गिरजाघर और महुआ होमस्टे जैसे स्थलों ने छत्तीसगढ़ के विविध पर्यटन आयामों को उजागर किया।
इस पहल से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना जताई गई है। प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ को “हिडन जेम” बताते हुए भविष्य में अधिक पर्यटकों को लाने का भरोसा जताया, वहीं पर्यटन मंडल के अधिकारियों ने भी राज्य को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
