जूटमिल में कुर्की नोटिस चस्पा, पेट्रोल पंप सहित पांच संस्थान सील
रायगढ़। नगर प्रशासन ने बकाया कर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जूटमिल में कुर्की नोटिस चस्पा किया और बड़ी कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप सहित पांच संस्थानों को सील कर दिया। लंबे समय से संपत्ति कर, समेकित कर, जलकर एवं यूजर चार्ज का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ निगम की राजस्व, अतिक्रमण, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर लगातार नोटिस जारी किए जा रहे थे। नोटिस के बाद भी कर जमा नहीं करने पर जूटमिल में 26 लाख 38 हजार 418 रुपए बकाया होने पर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया। इसके अलावा गोरखा पतरापाली चौक स्थित सुनील गर्ग के पेट्रोल पंप पर 11 लाख 68 हजार 510 रुपए, भगवानपुर में मुन्ना के संस्थान पर 1 लाख 40 हजार रुपए से अधिक, गौरंग सिंह सिदार पर 2 लाख 32 हजार रुपए से अधिक, चक्रधर नगर के अब्दुल सत्तार पर 2 लाख 27 हजार रुपए से अधिक तथा बाजीराव पारा क्षेत्र में एक अन्य संस्थान पर भी कार्रवाई करते हुए सीलिंग की गई।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर वसूली अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने बकाया कर का शीघ्र भुगतान करें, अन्यथा कुर्की और सीलिंग जैसी कार्रवाई की जाएगी। राजस्व विभाग द्वारा अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खोलने की व्यवस्था की गई है ताकि नागरिक आसानी से अपने कर जमा कर सकें।
