एनडीपीएस मामले में बिहार से 2 आरोपी गिरफ्तार
जिला सरगुजा में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए थाना गांधीनगर पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई। पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी में संलिप्तता पाए जाने पर गिरफ्तारी की है। आरोपी रॉकी कुमार के कब्जे से उपयोग में लिया जा रहा मोबाइल फोन व सिम भी जब्त किया गया है।
मामले की शुरुआत 17 जून 2024 को वाहन चेकिंग के दौरान हुई, जब लटोरी रोड स्थित चठिरमा बैरियर के पास एक संदिग्ध अल्टो कार को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन चालक भागने लगा, जिसे पकड़कर तलाशी लेने पर Rexogesic buprenorphine injection ip 02 ml के 1500 नग और Avil pheniramine maleate injection ip 10 ml के 1500 नग बरामद किए गए। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर आरोपी पंकजधर दुबे के खिलाफ थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 364/24 धारा 22(C), 27, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की गई, जिसमें अम्बिकापुर के आरिफ हुसैन सहित अन्य लोगों को नशे के इंजेक्शन व सिरप सप्लाई करने की जानकारी सामने आई।
जांच के दौरान आरोपी आरिफ हुसैन को औरंगाबाद जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दूसरे आरोपी रॉकी कुमार को बिहार के गया जिले से पकड़कर पूछताछ की गई। रॉकी कुमार ने होलसेल में दवाइयों की सप्लाई कर पंकज कुमार सिंह के माध्यम से पंकजधर दुबे से संपर्क होने और खातों के जरिए लेन-देन की बात स्वीकार की। मामले में साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
