न्यूज

नकली सोने के बिस्किट से ठगी करने वाले 4 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 37 लाख का मशरुका बरामद

अंबिकापुर में नकली सोने का बिस्किट देकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डीआईजी और एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गुजरात और 2 को प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) से पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से कुल 20 लाख 31 हजार रुपये नगद, लगभग 100 ग्राम सोने के 2 कड़े और 4 मोबाइल जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 37 लाख रुपये आंकी गई है।

प्रार्थी की शिकायत के अनुसार, मंजू नाम की महिला पिछले कई वर्षों से घर आना-जाना रखती थी और उसी पहचान का फायदा उठाकर उसने नकली सोने का बिस्किट दिखाकर भरोसा दिलाया। इसके बदले में प्रार्थी से करीब 200 ग्राम सोने के जेवरात और 15 लाख रुपये नगद ले लिए गए। बाद में सोने की जांच कराने पर बिस्किट नकली निकला, तब ठगी का खुलासा हुआ और कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पहले गुजरात और फिर प्रयागराज में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और उनके पास से ठगी की रकम व जेवर बरामद किए गए। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button