घर में घुसकर मारपीट करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई
रायगढ़, 18 मार्च 2026। शहर के सत्तीगुड़ी चौक के आगे मस्तागली में घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर गैरजमानतीय धाराओं में रिमांड पर भेज दिया है। घटना 14 मार्च की रात की है, जिसकी रिपोर्ट 15 मार्च को प्रार्थी सुखदेव मंडल ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई थी।
प्रार्थी के अनुसार देर रात कुछ युवक जबरन घर में घुस आए और विवाद करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी तथा अपने अन्य साथियों को बुलाकर स्थिति को और गंभीर बना दिया। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में सभी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने देवसिंह चौहान, आशीष सिंह ठाकुर, आदित्य श्रीवास, देवकुमार चौहान, जयकिशन यादव और साहिल सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम द्वारा की गई। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि मारपीट, बलवा और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
