न्यूज

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो अपलोड कर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार

सरगुजा। महिला उत्पीड़न के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 147/26 के तहत धारा 79 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता की सोशल मीडिया आईडी का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो अपलोड कर उसे ब्लैकमेल किया और शादी के लिए दबाव बनाते हुए गाली-गलौज व धमकी दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया और उसे उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी चंद्रमौली तिवारी (27 वर्ष) निवासी ग्राम तिवारी नगवा पोस्ट जगदीशपुर भलुआन थाना गगहा जिला गोरखपुर, हाल मुकाम थाना चैतगंज जिला वाराणसी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य जवान सक्रिय रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button