न्यूज

ऑपरेशन तलाश में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, 5 दिनों के अभियान में 246 वारंटों की तामिली

रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 10 मार्च से 15 मार्च तक चले अभियान में पुलिस ने 141 स्थायी वारंट और 105 गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए कुल 246 वारंटों का निष्पादन किया। इस दौरान गंभीर मामलों में फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेजा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की टीमों ने लगातार दबिश और पतासाजी कर वारंटियों की गिरफ्तारी की। अभियान के दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने उड़ीसा के दो शातिर स्थायी वारंटी दशरथ विश्वाल और सरोज बेहरा को गिरफ्तार किया, जिनके विरुद्ध कोतवाली और चक्रधरनगर थाने में कई स्थायी वारंट लंबित थे। दोनों आरोपी प्रभावशाली व्यक्तियों का परिचय देकर किस्तों में ट्रैक्टर खरीदते थे और भुगतान न कर फरार हो जाते थे, जिसके कारण न्यायालय ने उनके विरुद्ध वारंट जारी किए थे।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों द्वारा बड़ी संख्या में वारंटों की तामिली की गई। कोतवाली, चक्रधरनगर, छाल, पुसौर, खरसिया, लैलूंगा, तमनार, कापू, धरमजयगढ़, कोतरारोड़ और पूंजीपथरा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 246 वारंटों का निष्पादन किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह की पदस्थापना के बाद से फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है और 26 जनवरी से अब तक 1467 वारंटों की तामिली की जा चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button