दोपहिया वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार की मोटरसाइकिल बरामद
सरगुजा जिले के मणीपुर थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रार्थी शिवशंकर खलखो निवासी भावराडांड सीतापुर, हाल मुकाम गंगापुर थाना गांधीनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG/15/CL/0190 से जिला अस्पताल रिश्तेदार को खाना पहुंचाने गया था। वाहन अस्पताल के बाहर खड़ा कर अंदर गया, लेकिन लौटने पर मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर मणीपुर थाने में अपराध क्रमांक 51/26 धारा 305(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी गए वाहन और आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक CG/15/CL/0190 से सांडबार पुलिया की ओर घूम रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा और पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम अक्षय पटेल उर्फ अक्षत पिता पंचम पटेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सिलसिला चौकी रघुनाथपुर थाना लुंड्रा बताया। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में थाना गांधीनगर से जेल जा चुका है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल सिंह, प्रधान आरक्षक नरेंद्र जांगड़े, आरक्षक रामाशंकर यादव, निरंजन बड़ा, अनिल सिंह, उमाशंकर साहू और साइबर टीम की सक्रिय भूमिका रही।
