न्यूज

ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ पर बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन समेत 83 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 14 मार्च 2026। जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा और पुसौर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों से लगभग 130 टन स्क्रैप और आयरन पेललेट्स जब्त किए हैं। दोनों थानों की कार्रवाई में कुल 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर अवैध परिवहन में लिप्त 6 वाहन चालकों पर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुसौर-सरिया मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोका गया, जिनमें करीब 19 टन लोहे का स्क्रैप परिवहन किया जा रहा था। चालकों द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों सहित स्क्रैप जब्त कर कार्रवाई की गई। वहीं पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तमनार चौक और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर उड़ीसा की ओर से आ रहे चार भारी वाहनों को रोका, जिनमें तीन ट्रकों में आयरन पेललेट्स और एक ट्रक में करीब 25 टन स्क्रैप लोड मिला।

जांच में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने सभी वाहनों और सामग्री को जब्त कर चालकों के विरुद्ध धारा 35(क), (ड) बीएनएसएस तथा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में 3 ट्रकों से 86 टन आयरन पेललेट्स तथा 3 वाहनों से 44 टन लोहे का स्क्रैप बरामद किया गया, जबकि जब्त किए गए 6 वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button