कोतवाली पुलिस ने 4 गुमशुदा लोगों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार गुम इंसानों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्टों पर लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दर्ज मामलों में लापता महिला, युवक और महिला के साथ बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकाला गया।
पुलिस के अनुसार अलग-अलग तिथियों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने खोजबीन शुरू की। एक मामले में घर से निकली महिला अपने रिश्तेदारों के पास मिली, वहीं दूसरे मामले में बिना बताए घर से गई महिला को भी दस्तयाब किया गया। इसके अलावा घर से बिना बताए चले गए एक युवक तथा एक महिला और उसके बच्चे को भी पुलिस ने खोजकर सुरक्षित बरामद किया और परिजनों को सौंप दिया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, आरक्षक संजीव चौबे, दीपक दास और आलोक गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही। सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गुमशुदगी जैसे मामलों की सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें, ताकि पुलिस द्वारा शीघ्र कार्रवाई कर लापता व्यक्तियों को सुरक्षित ढूंढा जा सके।
