न्यूज
आइसक्रीम बेचने के विवाद में मारपीट
रायगढ़। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आइसक्रीम बेचने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। शिकायतकर्ता धनराज ओंड की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी रमेश लाल गाडरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार 9 मार्च की रात पूंजीपथरा क्षेत्र में आइसक्रीम बिक्री को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। बाजार बंद होने के बाद जब धनराज ओंड अपनी पत्नी के साथ टैम्पू वाहन से रायगढ़ लौट रहे थे, तभी 18 नाला के पास आरोपी ने उन्हें रोककर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और लकड़ी के डंडे से मारपीट की।
घटना में धनराज ओंड को गर्दन, हाथ और जांघ में चोट आई, वहीं बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी संतोषी बाई ओंड भी घायल हो गईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
