महिला पर हसिया से प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास में भेजा गया जेल
रायगढ़, 14 मार्च। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में महिला पर धारदार हसिया से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी तुलेश्वर चौहान और घायल महिला संतोषी महंत प्रेम विवाह कर पति-पत्नी की तरह साथ रहते थे। दोनों हाल ही में तेंदूभाठा में परिजनों के घर निर्माण कार्य में सहयोग करने आए थे, इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर घटना हुई।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च की रात करीब 11 बजे विवाद के दौरान आरोपी ने सब्जी काटने वाले लोहे के हसिया से संतोषी महंत की गर्दन, ठुड्डी और हाथ की उंगलियों पर वार कर दिया। घायल अवस्था में महिला को घरघोड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। प्रार्थी संतोष दास महंत की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस भी जोड़ी गई। पूछताछ में आरोपी तुलेश्वर चौहान ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का हसिया जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
