न्यूज

पीएम आवास निर्माण में लापरवाही पर दो पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस

रायगढ़, 13 मार्च 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में सीईओ जिला पंचायत के निर्देश पर जनपद पंचायत लैलूंगा के ग्राम पंचायत चिराईखार के पंचायत सचिव श्याम लाल सिदार एवं ग्राम पंचायत बैस्कीमुड़ा के पंचायत सचिव अशोक कुमार पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्राम पंचायत बैस्कीमुड़ा में 131 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 128 हितग्राहियों को प्रथम किश्त मिल चुकी है। इसके बावजूद अब तक केवल 2 आवास पूर्ण हो पाए हैं, 38 आवास प्लिंथ लेवल तक पहुंचे हैं और 82 आवासों का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत चिराईखार में 113 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 107 हितग्राहियों को प्रथम किश्त मिल चुकी है, लेकिन अब तक एक भी आवास पूर्ण नहीं हुआ है। यहां 16 आवास प्लिंथ लेवल तक हैं और 87 आवासों का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है।

अधूरे और अप्रारंभ आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधितों को कई बार निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और निरीक्षण के दौरान उच्चाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने के कारण दोनों सचिव प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए हैं। पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम 3 के उपनियम (1), (2) और (3) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर लिखित एवं सप्रमाण स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button