खाना नहीं बनाने की विवाद को लेकर पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल
सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुदर झेरी लोंगरी में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। 8 मार्च को ग्राम सरपंच के माध्यम से सूचना मिली थी कि दशमल कोरवा अपनी पत्नी प्रियंका की हत्या कर फरार हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को प्रार्थी बोदो राम ने रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें बताया गया कि सुबह घर का दरवाजा बंद था और अंदर देखने पर बहू प्रियंका जमीन पर पड़ी मिली, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उसकी मौत हो चुकी थी।
मामले में अपराध क्रमांक 47/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी दशमल उर्फ दशमन कोरवा (35 वर्ष) निवासी कुदर झेरी लोंगरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी से खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया था, जिससे गुस्से में आकर उसने डंडे से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार जायसवाल सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
