चेट्रीचंड महोत्सव के रक्तदान शिविर में पहुंचे महापौर जीववर्धन चौहान, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
रायगढ़। सिंधी कॉलोनी स्थित सिंधी भवन में चेट्रीचंड महोत्सव समिति एवं सिंधी समाज रायगढ़ के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा कार्य में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लगभग 25 से 30 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजकों ने बताया कि समाज में रक्तदान को लेकर काफी उत्साह देखा गया और आगे यह संख्या 100 तक पहुंचने की उम्मीद है।
रक्तदान शिविर के दौरान नगर निगम रायगढ़ के महापौर जीववर्धन चौहान भी सिंधी भवन पहुंचे। उन्होंने रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके सेवा भाव की सराहना की। इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
महापौर जीववर्धन चौहान ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बढ़कर मानव सेवा का कोई कार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिलना उनके लिए जीवनदान के समान होता है। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य अमित शर्मा, वार्ड 21 के पार्षद अजय मिश्रा, वार्ड 22 के पार्षद पति केशव जायसवाल, गगन कातोरे सहित सिंधी समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
