रायगढ़ में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग पर प्रशासन सख्त, होटलों और भोजनालयों में औचक जांच
रायगढ़, 11 मार्च 2026। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने और आम उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने शहर में विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर एसडीएम महेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों और भोजनालयों में औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय और गणगौर स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू आवश्यकताओं के लिए ही किया जा सकता है, जबकि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का उपयोग अनिवार्य है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसियों की आपूर्ति व्यवस्था और सिलेंडरों की उपलब्धता की भी जानकारी ली गई। प्रशासन ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक रूप से सिलेंडर संग्रहित करने की आवश्यकता नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि आगे भी इस तरह के संयुक्त निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि घरेलू गैस की सुचारू उपलब्धता और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
